Connect with us

Brahmakumaris patna

पटना- 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महा अभियान का शुभारंभ बिहार के राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने किया।

Published

on

बिहार में 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान का शुभारंभ

पटना, 2 अगस्त 2026: बिहार के पटना स्थित गवर्नर हाउस में ब्रह्माकुमारीज द्वारा 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान के अंतर्गत विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि माननीय राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन, माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत तथा राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव श्री दीपक कुमार सिंह सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी वर्णिका बहन ने नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान तथा ब्रह्माकुमारीज मेडिकल विंग द्वारा नशा मुक्ति के क्षेत्र में की जा रही सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राजयोग एवं मेडिटेशन के माध्यम से युवाओं में सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और आंतरिक शक्ति का विकास कर उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रखा जा सकता है। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों को मेडिटेशन का अभ्यास भी कराया गया।

कार्यक्रम के दौरान माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा “नशा मुक्त युवा और विकसित भारत” संकल्प अभियान का शुभारंभ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लोक भवन, पटना, बिहार से किया गया।

ब्रह्माकुमारी राजयोगिनी संगीता बहन द्वारा माननीय राज्यपाल एवं माननीय मुख्यमंत्री को शॉल तथा ईश्वरीय स्लोगनयुक्त स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर ब्रह्माकुमारीज के 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान के पोस्टर का लोकार्पण माननीय राज्यपाल एवं माननीय मुख्यमंत्री द्वारा किया गया। इसके साथ ही पांच ब्रह्माकुमार भाई-बहनों को शिव बाबा का झंडा प्रदान कर अभियान के शुभारंभ का संदेश दिया गया।

माननीय मुख्यमंत्री ने नशा मुक्ति के क्षेत्र में ब्रह्माकुमारीज द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि बिहार सरकार ब्रह्माकुमारीज के साथ MoU साइन करेगी और बिहार को पूर्णतः नशा मुक्त बनाने के प्रयासों में हर संभव सहयोग प्रदान करेगी।

माननीय राज्यपाल ने अपने संबोधन में युवाओं को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों से मुक्त होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशे से केवल शारीरिक नुकसान ही नहीं होता, बल्कि व्यक्ति के सम्मान, संस्कार और संस्कृति का भी क्षय होता है। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ, संस्कारयुक्त और नशामुक्त जीवन अपनाने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों को स्वयं नशामुक्त रहने तथा समाज को भी नशामुक्त बनाने की प्रतिज्ञा कराई गई। इस अभियान का उद्देश्य युवाओं और समाज को नशे की बुराई से मुक्त कर एक स्वस्थ, संस्कारवान और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देना है।